मध्य प्रदेश में ठिकाना बना रहे छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के नक्सली, 5 साल में 20 इनामी ढेर
भोपाल। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में सक्रिय नक्सली अब अपना विस्तार मध्य प्रदेश के बालाघाट समेत आसपास के जिलों में कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट की घटना के बाद मध्य प्रदेश पुलिस भी नक्सलियों को लेकर अलर्ट मोड पर है दरअसल बीजापुर घटना में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के 9 जवानों की मृत्यु के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस समेत अन्य एजेंसियों ने चौकसी बढ़ा दी है।
जिससे महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में सक्रिय नक्सलियों का मूवमेंट मध्य प्रदेश के जंगलों में हो रहा है। हालांकि मध्य प्रदेश पुलिस ने बालाघाट में सघन चेकिंग अभियान के लिए जवानों की संख्या बढ़ाई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे जंगलों में लगातार सर्चिंग की जा रही है।
नक्सलियों के पास पहली बार बैरल ग्रेनेड लांचर बरामद
बीते 7 फरवरी 2025 को बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र के मानागढ़ जंगल में हुई मुठभेड़ में राज्य में पहली बार दूर तक मार करने वाला घातक हथियार बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लांचर) जब्त किया गया इसकी मारक क्षमता 200 से 500 मीटर तक होती है। इसके अलावा जंगल में छिपाए गए डंप में नक्सलियों का दैनिक उपयोगी सामान, माओवादी साहित्य तथा विस्फोटक पदार्थ जब्त किया गया साथ ही पुलिस द्वारा मुठभेड़ में 4 हार्डकोर महिला नक्सली को मार गिराया गया ये सभी छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी इनमें कमांडर आशा पर 14 लाख रुपये का इनाम भी था।
*साल में 6 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 20 ढेर*
नक्सलियों को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रदेश में बीते 5 सालों में 1.52 करोड़ रुपये के 6 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। वहीं 3.31 करोड़ रुपये के इनामी 20 नक्सलियों को पुलिस ने मार गिराया मध्य प्रदेश पुलिस को इनपुट मिला है कि प्रदेश में करीब 75 नक्सली सक्रिय हैं इनमें 20 महिला नक्सली हैं। ये सभी बालाघाट के आसपास के जंगलों में सक्रिय हैं बीते 5 सालों में मारे गए नक्सलियों में 50 प्रतिशत महिला नक्सली भी शामिल हैं।
*परिवहन मंत्री समेत 25 से अधिक लोगों की गई जान*
मध्य प्रदेश में अब तक एक दर्जन से अधिक नक्सली घटनाएं सामने आई हैं इनमें साल 1991 में बालाघाट के लांजी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया था, जिसमें 9 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे वहीं साल 1999 में नक्सलियों ने प्रदेश के तत्कालीन परिवहन मंत्री लिखीराम कावरे की हत्या कर दी थी जबकि इसी साल बालाघाट के रुपझर थाना के ग्राम नारंगी क्षेत्र में माइन्स विस्फोट में 16 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे इसी तरह नक्सलियों ने पुलिस से मुखबिरी के शक में 2 नवंबर 2023 को लांजी क्षेत्र के कासपुर ग्राम के भककुटोला में पूर्व सरंपच की हत्या कर दी घटना के समय पूर्व सरपंच घर पर थे, नक्सलियों ने उन्हें घर से बाहर निकाला और गोली मार दी।
*मध्य प्रदेश में नक्सलियों के खिलाफ की गई कार्रवाई*
6 नवंबर 2020 - बैहर थाना क्षेत्र के मालखेड़ी जंगल में 14 लाख के इनामी नक्सली 25 वर्षीय शारदा उर्फ पुज्जे को मार गिराया यह छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी।
11 दिसंबर 2020 - किरनापुर थाना अंर्तगत बोरवन-सिरका के जंगलों में 14 लाख के इनाम नक्सली महाराष्ट्र के गढ़चिचौली निवासी 30 वर्षीय शोभा पति उमेश गावडे को मार गिराया।
12 दिसंबर 2020 - किरनापुर थाना अंतर्गत बोरवन-सिरका के जंगलों में 14 लाख की इनामी नक्सली छत्तीसगढ़ क्षेत्र के बस्तर निवासी सावित्री उर्फ आयते को मार गिराया।
8 मार्च 2021 - लांजी क्षेत्र के देवरबेली चौकी के मलकुंआ के जंगलों में 14 लाख के इनामी महाराष्ट्र गढ़चिचौली निवासी 55 वर्षीय श्यामलाल उर्फ मोती राम सनकु जांगधुर्वे को गिरफ्तार किया।
10 अगस्त 2021 - गिरसा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैरासी जंगल क्षेत्र में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा निवासी संदीप कुंजाम उर्फ लख्खु कुंजाम को गिरफ्तार किया।
20 जून 2022 - बहेला थाना के खराड़ी जंगल में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़ बीजापुर के गंगालूर निवासी 23 वर्षीय मनोज डोडडी को मार गिराया।
20 जून 2022 - बहेला क्षेत्र के अंतर्गत खराड़ी के जंगल में 29 लाख के इनामी नक्सली महाराष्ट्र गढ़चिचौली के नागेश उर्फ नागेश्वर उर्फ राजु तुलावी को मार गिराया।
20 जून 2022 - बहेला थाना क्षेत्र के खराड़ी के जंगलों में 14 लाख की इनामी महिला नक्सली छत्तीसगढ़ बीजापुर निवासी 24 वर्षीय रामे पिता आयतु पुनेम को मार गिराया।
17 सितंबर 2022 - मलाजखंड थाना बांधाटोला समनापुर में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़, सुकमा निवासी बादल उर्फ कोसा उर्फ कोशन मड़ावी को गिरफ्तार किया था।
30 नवंबर 2022 - गढ़ी थानाक्षेत्र के सूपखार वन क्षेत्र में जामसेहरा वन चौकी में 29 लाख के इनामी नक्सली महाराष्ट्र गढ़चिचौली के नयनगुड़ा निवासी 27 वर्षीय गणेश को मार गिराया इसके साथ ही 20 लाख का इनामी नक्सली राजेश उर्फ वंदा वंजाम मारा गया।
18 दिसंबर 2022- मालखंड थाना के पाथरी चौकी के हर्राटोला जंगल में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़ सुकमा के रुपेश उर्फ हुंगा डोडी को मार गिराया वहीं 14 दिसंबर 2023 को कमकोदादर जंगल में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़, बीजापुर निवासी चैतू उर्फ हिड़मा मरकाम को सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया।
22 अप्रैल 2023 - गढ़ी थाना के कदला जंगल में 14 लाख की इनामी महिला नक्सली छत्तीसगढ़ सुकमा निवासी सुनीता उर्फ सोमडी मांडवी को मार गिराया।
29 दिसंबर 2023 - सोनगुड़ा चौकी के कुंदुल-कोद्पार जंगल में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़ बीजापुर निवासी एसीएम कमलु को मार गिराया।
1 अप्रैल 2024 - थाना लांजी के पितकोना-केरझरी जंगल में 14 लाख रुपये के इनामी नक्सली बालाघाट के दडेकसा निवासी एससीएम रघु उर्फ शेरसिंह उर्फ सोमजी पंद्रे को मार गिराया।
1 अप्रैल 2024 - लांजी थाना के पितकोना केरझरी जंगल में 29 लाख की इनामी महिला नक्सली छत्तीसगढ़ सुकमा के रेगाड़म निवासी साजंती उर्फ क्रांति पति सुरेंदर को मार गिराया।
8 जुलाई 2024 - हट्टा थाना के कोठियाटोला जंगल में 14 लाख के इनामी नक्सली छत्तीसगढ़ सुकमा के सोहन उर्फ उकास एर्फ आयतु को मार गिराया।
साल 2026 तक नक्सलियों को खत्म करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि "प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2026 तक नक्सलियों का पूरी तरह खात्मा करने का लक्ष्य रखा है मध्य प्रदेश इस दिशा में सक्रिय भूमिका का निर्वहन करेगा सीएम ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, दूरसंचार साधनों के विस्तार और आवश्यक जवानों की तैनाती से नक्सल तत्वों पर नियंत्रण में सफलता मिल रही है प्रदेश में नक्सलवाद के किसी भी कीमत पर पैर जमने नहीं दिए जाएंगे।
बता दें कि नक्सल विरोधी आपरेशन में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र तीनों राज्य मिलकर एक-दूसरे का सहयोग करेंगे नक्सलियों के पास से जब्त साहित्य व सामग्री के बारे में जानकारी साझा करेंगे, जिससे दूसरे राज्यों को अपनी तैयारी रखने में मदद मिले जोनल कमेटी के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी होने पर संबंधित राज्य में जाकर उनसे पूछताछ कर सकेंगे।



No comments:
Post a Comment